सांस्कृतिक विरासत के सशक्त वाहक हैं उत्तराखंड के पारंपरिक मेले : रेखा आर्या

खबर शेयर करें

देहरादून 

सांस्कृतिक विरासत के सशक्त वाहक हैं उत्तराखंड के पारंपरिक मेले : रेखा आर्या

*कटारमल सूर्य मंदिर में आयोजित सूर्य पर्व मेले में शामिल हुई कैबिनेट मंत्री*

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अल्मोड़ा जिले के कटारमल स्थित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर परिसर में आयोजित सूर्य पर्व मेले में प्रतिभाग किया। यह पारंपरिक मेला प्रतिवर्ष पौष माह के अंतिम रविवार को श्रद्धा, आस्था एवं सांस्कृतिक उल्लास के साथ आयोजित किया जाता है, जिसमें दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक प्रतिभाग करते हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पर्वतीय अंचलों में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, धार्मिक आस्था एवं ऐतिहासिक विरासत के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन न केवल सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि सड़क, संचार तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के बाद कटारमल सूर्य मंदिर एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। देश-विदेश से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा शीघ्र ही कटारमल सूर्य मंदिर के सौंदरीकरण एवं संरक्षण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिसके लिए बजट स्वीकृत किया जा चुका है। इससे इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन सुविधाओं में भी सुधार होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उत्तराखंड के सभी प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के सौंदरीकरण, संरक्षण तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यह प्रयास ‘विकास भी – विरासत भी’ की अवधारणा को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा रोजगार सृजन, जनहित में कठिन निर्णय लेने तथा उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित एवं संवर्धित करने के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं अद्वितीय कार्य किए जा रहे हैं। सरकार सभी क्षेत्रों में सजगता एवं तत्परता के साथ जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने मंदिर परिसर में विधिवत पूजन एवं हवन कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, ब्लॉक प्रमुख हवालबाग हिमानी कुंडू, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, ग्राम प्रधान कटारमल उमा देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *