*आदिशक्ति मां देवराड़ी देवी की देवरा यात्रा अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर, श्रीकोट से अपने ससुराली गांव काण्डेय को विदा हुई*
Chamoli
आदिशक्ति माँ देवराड़ी देवी की (बन्याथ) देवरा यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर हो चली है। 27 मई को मां भगवती देवराड़ी देवी बनातोली मंड़प में पहुंच जायेगी जहां पर देवी मां, लाटू व सिगंलाश आदि देवताओं की मौजूदगी में धार्मिक क्रियाकलाप के साथ अनुष्ठान आदि कार्यक्रम संपन्न होंगे। तत्पश्चात 05 जून को देवराड़ी देवी विधि-विधान पूर्वक अपने मंदिर के गर्भगृह में स्थापित हो जायेगी।

बीते रोज ग्राम बौंला से रात्रि विश्राम के लिये श्रीकोट गांव पहुची मां देवराड़ी देवी की आज सोमवार को प्रातः काल पुजारी प्रकाश देवली व गणवें आशीष पाण्डेय द्वारा देवताओं का मंत्रोच्चारण व पूजा अर्चना की गई। तत्पश्चात देवी मां अपने भाई लाटू व सिंगलास देवता आदि के साथ देवकोठरी से बाहर आई और अवतरित होकर अपनी ध्याड़ियों व भक्तो को दर्शन तथा आशीर्वाद दिया। इस मौके पर ग्रामवासियों द्वारा देवी मां को अक्षत, श्रृंगार सामग्री आदि भेंट करते हुए घर गांवों व क्षेत्र में सुख समृद्धि और खुशहाली बनी रहने की मनौतियां मांगी गई। ग्रामवासियों ने इस मौके पर देवरा यात्रा में शामिल देवी देवताओं के निशान आदि के साथ नृत्य का आनंद भी लिया। तदुपरांत देवी मां सहित साथ में मौजूद देवताओं को अपनी गांव से देवी मां की ससुराली गांव काण्डेय को विदा कर दिया गया।

इस अवसर पर महिलाओं के आलावा ग्रामवासी सुरेन्द्र सिंह नेगी, पुष्कर सिंह नेगी, रघुवीर सिंह बिष्ट, दिनेश रावत, विक्की नेगी आदि जहां मौजूद रहे वहीं देवरा यात्रा में पुजारी प्रकाश देवली, गणवें आशीष पाण्डेय, देवरा यात्रा समिति अध्यक्ष उम्मेदसिंह चौधरी, प्रेम सिंह बिष्ट, भोग शास्त्री भगवती प्रसाद खंडूड़ी, धूम सिंह चौधरी, गंगा सिंह, ऐरवाले शाहिल, सौरभ, गणेश, सुखदेव, कैलाश आदि शामिल रहे।
