कार्य के प्रति निष्ठा,लग्न व समर्पण की बदौलत, यादगार बन गया सेमवाल का विदाई समारोह
नरेंद्रनगर।
बरसों-बरसों से जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर टिहरी में कार्यरत रहे मुख्य शिक्षा अधिकारी शिव प्रसाद सेमवाल की पदोन्नति ,अपर शिक्षा निदेशक कुमाऊं मंडल नैनीताल में होने पर, जिले के शिक्षकों और विद्यार्थियों सहित जिला शिक्षा परिवार के संयुक्त प्रयासों से नरेंद्रनगर स्थित श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में श्री सेमवाल के सम्मान में आयोजित विदाई समारोह कई मायनों में यादगार बन गया।
बताते चलें कि यूं तो सरकारी सेवा में अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण और प्रोन्नति पर विदाई समारोहों का होना आम बात है।
मगर टिहरी जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी शिवप्रसाद सेमवाल की प्रोन्नति, अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा कुमाऊं मंडल में होने के फल स्वरुप, उनके सम्मान में शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों के द्वारा भव्य विदाई सम्मान समारोह जिस भव्यता से आयोजित किया गया, वह औरों के लिए एक यादगार प्रेरणा छोड़ गई है।
श्री शिव प्रसाद सेमवाल का कार्य के प्रति निष्ठा, लगन और समर्पण की भावना के साथ जिस तरह से उत्कृष्ट कार्य प्रणाली रही है, यह शानदार समारोह उसी की बदौलत आयोजित हो पाया है, जो एक यादगार बन कर रह गया।
विदाई समारोह में साफ झलक रहा था कि श्री सेमवाल का मधुर व्यवहार, कार्य के प्रति समर्पण, निष्ठा और ईमानदारी ही उनके सम्मान की असली पूंजी हैं।
शिवप्रसाद सेमवाल उन गिने-चुने अधिकारियों में शुमार किए जाते हैं, जिन्होंने अपने काम के लिए बड़े नेताओं और अधिकारियों की कभी परिक्रमा नहीं की।
यही वजह रही कि कई वर्षों से उनकी पदोन्नति लटकी पड़ी रही, आखिर कोर्ट ने उन्हें न्याय दिया और तभी जाकर उनका पदोन्नति का मार्ग प्रशस्त हो पाया।
शिव प्रसाद सेमवाल की कर्मठता, ईमानदारी, निष्ठा व काम के प्रति समर्पण की भावना, आज भी टिहरी जिले के, शिक्षकों की कार्य पद्धति में परिलक्षित होती दिखाई देती है।
विदाई समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे शिवप्रसाद सिमवाल का नरेंद्र नगर पहुंचने पर बैंड-बाजे, फूल-मालाओं, गिफ्ट व सम्मान पत्र भेंट शाल ओढ़ाकर श्री सेमवाल की विदाई समारोह को शिक्षकों और विद्यार्थियों ने यादगार बना डाला। इस मौके पर श्री सेमवाल जी की धर्मपत्नी दीपा सेमवाल का भी सम्मान किया गया।
जिले में यह ,पहला मौका है जब किसी अधिकारी के स्थानांतरण अथवा प्रोन्नति पर, इतना बड़ा भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया हो।
विज्ञान कोऑर्डिनेटर रहे अलख नारायण दुबे ने कहा कि बरसों तक टिहरी जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी रहे श्री सेमवाल के मार्ग दर्शन में टिहरी जिले ने इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिताएं, विज्ञान प्रदर्शनी, वार्षिक परीक्षा फलों में बेहतरीन प्रदर्शन कर प्रदेश में अपनी श्रेष्ठता साबित की है।
श्री दुबे ने कहा कि सम्मानित सेमवाल जी विषयों के ज्ञाता, शिक्षकों के मार्गदर्शक और जिला शिक्षा परिवार की संरक्षक के रूप में याद किए जाते रहेंगे।
अपनी विदाई समारोह में श्री सेमवाल ने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए, शिक्षक समुदाय से समर्पण की भावनाओं के साथ काम करते रहने की अपील की।
प्रधानाचार्य पंकज ड्यूंडी ने सम्मानित सेमवाल जी को एक आदर्श और ज्ञानी पुरुष बताया।
इस मौके पर अमित शर्मा, मंजू बहुगुणा, विजय मोहन गैरोला, वर्तमान मुख्य शिक्षा अधिकारी वीपी सिंह, आलोक गौतम, शीशपाल सिंह भंडारी, श्याम सिंह सरियाल,महेश गुसाईं, राम गोपाल गंगवार ने श्री सेमवाल को कुशल प्रशासक तथा न्याय प्रिय व्यक्तित्व का धनी बताया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद थे।