यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम की यात्रा व्यवस्थाओं में खर्च होंगे 78 करोड़ ।
उत्तरकाशी ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम एवं यात्रा मार्गों व पड़ावों पर यात्रा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के द्वारा चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यस्थित ढंग से संचालन के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्यों हेतु आवश्यक धनराशि की स्वीकृति प्रदान कर स्वयं इन कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा रही है। जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने चारधाम यात्रा को लेकर चल रही तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया है कि चारधाम यात्रा के लिए यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम में बाढ़ सुरक्षा कार्यों एवं घाटों की मरम्मत के काम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन महत्वपूर्ण कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर शासन-प्रशासन के द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही यात्रा मार्गों को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए भी इस बार महत्वपूर्ण कार्य संपन्न कराए जा रहे हैं। यमुनोत्री यात्रा मार्ग/श्री यमुनोत्री धाम में लगभग रू. 38 करोड़ की लागत से और गंगोत्री यात्रा मार्ग/श्री गंगोत्री धाम क्षेत्र में लगभग रू. 40 करोड़ की लागत के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। जिलाधिकारी डॉ मेहरवान सिंह बिष्ट ने बताया कि श्री गंगो़त्री धाम एवं श्री यमुनोत्री धाम में जो कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई हें उसमें अधिकांश कार्य तीव्र गति से निर्माणाधीन है। इसके अतिरिक्त श्री यमुनोत्री धाम एवं जानकीचट्टी में श्रीराम मंदिर से अखोरी पुल तक यमुना नदी के दोनो तरफ बाढ सुरक्षात्मक कार्य हेतु मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की कार्यवाही की जा रही है तथा चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं से संबंधित सभी कार्यों को यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व आवश्यक रूप से संपन्न कराए जाने हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार तथा उनके मार्गदर्शन में श्री यमुनोत्री धाम एवं श्री गंगोत्री धाम में कार्यों की प्रगति का नियमित रूप से अनुश्रवण कर यात्रा व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरस्त किया जा रहा है।