27 अक्टूबर से होने वाले, 49 वें श्री कुंजापुरी मेले की तैयारियां जोरों पर
नरेंद्रनगर ।
आगामी 27 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाले 49 वें सिद्ध पीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की तैयारियां जोरों पर हैं।
मेले की चौक-चौबंद व्यवस्थाओं के लिए गठित एक दर्जन के लगभग, उप समितियों ने द्वारा समय-समय पर बैठक कर, सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बैठकों में मेले को भव्य एवं सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई सांस्कृतिक, खेल कार्यक्रम तय किए गए हैं। सांस्कृतिक उप समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि 28 अक्टूबर रात्रि को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले माध्यमिक विद्यालयों की सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 29 अक्टूबर रात्रि को जनपद के प्राथमिक वर्ग एवं उच्च शिक्षा वर्ग के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
सांस्कृतिक उप समिति की बैठक में मेला समिति के सह सचिव ऐलम सिंह रावत ने मेला उद्घाटन के दौरान कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची तय समय पर मेला समिति को उपलब्ध कराने के शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए हैं।
उधर दूसरी तरफ शुक्रवार को मेले के अंतर्गत आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन पहला मैच नरेंद्रनगर थाना व हिंडोला खाल क्लब के बीच खेला गया।नरेंद्र नगर थाने की टीम द्वारा पहले खेलते हुए निर्धारित आठ ओवरों में 84 रन बनाए गये,जिसके जवाब में हिंडोला खाल क्लब की टीम केवल 62 रन ही सिमट गई। इस मैच में थाने की टीम 22 रनों से विजई रही।
जबकि शुक्रवार को ही दूसरे मैच में औंणी क्लब और भौंकुछ क्लब के बीच खेला गया।पहले खेलते हुए भौंकुछ क्लब ने रोहित कुमार के 48 रनों के योगदान की बदौलत 117 रन बनाए, मैच की दूसरी पारी समाचार लिखे जाने तक औंणी क्लब के खिलाड़ी रनों के लिए जूझते नजर आ रहे थे, प्रतियोगिता के दौरान ,प्रभारी निरीक्षक थाना नरेंद्र नगर संजय मिश्रा, रमेश असवाल, राजू भारती, महेश गुसाईं ,महेश पालीवाल, यशपाल चौहान, सुरेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यायाम शिक्षक एवं क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड राज्य के पौराणिक ऐतिहासिक मेलों में शामिल सिद्ध पीठ श्री कुंजापुरी मेले को लेकर नरेंद्र नगर सहित निकटवर्ती क्षेत्रों में लोगों में खासा उत्साह है खासकर स्कूली बच्चों को अपने-अपने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं को लेकर काफी उत्साह नजर आ रहा है ,जिसको लेकर पिछले काफी समय से विद्यालयों में शिक्षक- शिक्षिकाओं द्वारा बच्चों की जोरदार तैयारियां करवाई जा रही हैं।
मेले की उप सांस्कृतिक एवं खेल समितियों सहित अन्य समितियों की तैयारियों की बैठकों में पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार निरंतर शिरकत करने के साथ खास तैयारियों पर आवश्यक सुझाव व मार्गदर्शन करते आ रहे हैं, ताकि मेले की उत्कृष्टता पिछले वर्षों के मुकाबले और बेहतरीन हो।