63 सफाई निरीक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र
62 करोड़ के शहरी विकास निदेशालय भवन का वर्चुअल शिलान्यास
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में शहरी विकास विभाग के अंतर्गत चयनित 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 62 करोड़ की लागत से बनने वाले शहरी विकास निदेशालय के नए भवन का वर्चुअल शिलान्यास भी किया और कूड़ा निस्तारण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले चार वर्षों में लगभग 30 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की है। उन्होंने लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित सभी सफाई निरीक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनके जीवन में नई जिम्मेदारी की शुरुआत है और उन्हें पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय प्रदेश में 63 स्थानीय नगर निकाय थे, जो अब बढ़कर 108 हो गए हैं। इनमें 11 नगर निगम, 46 नगर पालिका परिषद और 51 नगर पंचायत शामिल हैं। यह दर्शाता है कि शहर आज विकास और आर्थिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। सरकार शहरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, जिसमें नगर निकायों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय शहरों के विकास के मजबूत स्तंभ हैं और सफाई निरीक्षक इसकी नींव के पत्थर हैं। उन्होंने बताया कि पिछले करीब पांच वर्षों में शहरी निकायों में 63 अधिशासी अधिकारी, 22 कर एवं राजस्व निरीक्षक और 32 अवर अभियंताओं को भी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। 63 नए सफाई निरीक्षकों की नियुक्ति से नगर निकायों की कार्यक्षमता और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आस्था, आध्यात्म और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। चारधाम और गंगा-यमुना के तीर्थ हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं। वर्ष 2027 में कुंभ मेले का आयोजन होना है और अगले महीने से चारधाम यात्रा भी शुरू होने वाली है। ऐसे अवसरों पर शहरों और तीर्थस्थलों की स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस कचरा प्रबंधन को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन और खुले में शौच मुक्त अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विधायक खजान दास, बंशीधर भगत, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सचिव शहरी विकास नितेश झा, निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी, नगर आयुक्त देहरादून नमामि बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
