फिताड़ी गांव में भीषण अग्निकांड, 6 मकान और अन्न भंडार जलकर राख

खबर शेयर करें

फिताड़ी गांव में भीषण अग्निकांड, 6 मकान और अन्न भंडार जलकर राख

उतरकाशी  मोरी 

मोरी विकासखंड के फिताड़ी गांव में सोमवार देर रात भीषण अग्निकांड हो गया, जिसमें छह आवासीय भवन और छह अन्न भंडार जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। घटना में तीन पशुओं की भी जलने से मौत हो गई, हालांकि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 12:30 बजे गांव के एक मकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के अन्य भवनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। गांव की भौगोलिक स्थिति और रात का समय होने के कारण आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण रहा।
घटना की सूचना सबसे पहले सावणी गांव के प्रधान सुरेंद्र सिंह रावत ने प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, दमकल टीम और राजस्व विभाग मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद टीमों ने तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक छह मकान और अन्न भंडार पूरी तरह जल चुके थे। बताया जा रहा है कि प्रभावित मकानों में से चार भवन करीब पांच मंजिला थे, जिनमें कुल 8 परिवार निवास करते थे।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है। इस घटना में भले ही जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।

जिलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवारों के साथ है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। प्रभावित परिवारों को आपातकालीन परिचालन केंद्र उत्तरकाशी से जरूरी सामान के साथ ही रसद सामाग्री भेजी गई। प्रभावित परिवारों को रहने एवं भोजन आदि व्यवस्था हेतु उच्च प्राथमिक विद्यालय फिताड़ी में राहत शिविर बनाया गया है।
वहीं आगजनी की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल देर रात ही घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर सरकार की ओर से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *