कृषि मंडी समिति के अध्यक्ष बीरेंद्र पाल का पोखरी में हुआ भव्य स्वागत

चमोली 
कृषि मंडी समिति के अध्यक्ष बीरेंद्र पाल का पोखरी में हुआ भव्य स्वागत

कृषि उत्पादन मंडी समिति चमोली के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता बीरेंद्र पाल सिंह भंडारी का अपने गृह क्षेत्र पोखरी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इससे पूर्व उन्होंने मंडी समिति कार्यालय कर्णप्रयाग में अध्यक्ष पद का विधिवत पद भार ग्रहण किया।
पोखरी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप से विनायकधार तक जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया। तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान नव नियुक्त अध्यक्ष बीरेंद्र पाल सिंह भंडारी ने कहा कि सरकार के सहयोग से कृषि मंडी का नियमित संचालन शुरू करने के प्रयास किये जायेंगे। कहा गया कि जनपद के किसानों को उनके उत्पादों का बाजार और उचित मूल्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि उत्पादन मंडी समिति का गठन किया गया था, लेकिन नियमित संचालन नहीं होने के कारण मंडी का कामकाज मुख्य रूप से लाइसेंस जारी करने तक सीमित रह गया है। वहीं भू-धंसाव के कारण मंडी परिसर और कार्यालय भवनों में जगह – जगह दरारें आने से यहां कारोबार करने वाले दुकानदार भी प्रभावित हुऐ हैं।
भंडारी ने कहा कि मंडी परिसर में आई दरारों की मरम्मत के साथ कार्यालयों और दुकानों को सुव्यवस्थित करने की दिशा में भी प्रयास किये जायेंगे। मंडी के नियमित संचालन से किसानों को स्थानीय स्तर पर अपने उत्पादों के विपणन की सुविधा मिलने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति को भी लाभ पहुंच सकेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल वर्त्वाल, नन्दन बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री, रघुवीर सिंह बिष्ट, महावीर बासकंडी, भाजपा नगर अध्यक्ष अमर सिंह रावत, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष एडवोकेट राधारानी रावत, विनोद कनवासी, प्रदीप चौहान, रंजना रावत, पुष्पा चौधरी, पुष्पा पंत, मीना रावत, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, आदि मौजूद रहे।