बहुउद्देश्यीय शिविर में 17 शिकायतें दर्ज, 260 ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ

खबर शेयर करें

बहुउद्देश्यीय शिविर में 17 शिकायतें दर्ज, 260 ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ

कोटद्वार ।

जन-जन की सरकार, जन के द्वार अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड रिखणीखाल की न्याय पंचायत चुरानी में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने की। शिविर में दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याएं रखीं। शिविर के दौरान कुल 17 शिकायतें दर्ज की गयी, जिनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत 260 लाभार्थियों को प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित किया गया। इससे ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, कृषि, उद्यान सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। विभागीय अधिकारियों ने न केवल शिकायतें सुनीं, बल्कि ग्रामीणों को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने कहा कि सरकार की इस पहल से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके गांव और क्षेत्र में ही किया जा रहा है। बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से लोगों को त्वरित न्याय और योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो शिकायतें मौके पर हल नहीं हो सकीं, उनका भी समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रेनू रावत, सहायक खंड विकास अधिकारी प्रकाश असवाल, आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी डॉ एके मिश्रा, उप वन क्षेत्राधिकारी भगत सिंह, जेई कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *