चमोली/गोपेश्वर
जनपद मुख्यालय गोपेश्वर के समीप ग्वीलों बैंड पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हृदयविदारक घटना के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय एक स्कूटी पर सवार होकर महिला गोपेश्वर की ओर आ रही थी, तभी ग्वीलों बैंड के पास वह एक अनियंत्रित बस की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक महिला की पहचान मंजू देवी (35 वर्ष), पत्नी भरत सिंह नेगी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम ईरानी की निवासी थीं और वर्तमान में कोठियालसैंण में रह रही थीं। अस्पताल परिसर में पहुंचे मृतका के पति भरत नेगी ने रुंधे गले से बताया कि उनकी पत्नी स्कूटी से किसी कार्यवश गोपेश्वर आ रही थी, तभी उन्हें फोन पर इस भीषण दुर्घटना की सूचना मिली।
पुलिस ने बस चालक को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल बस और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने इस खतरनाक बैंड पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।