जनपद में 15 से अधिक हॉटस्पॉट/क्रॉनिक कचरा स्थलों का चिन्हीकरण

खबर शेयर करें

चमोली

8 अगस्त को जनपदभर में चलेगा वृहद स्वच्छता अभियान, ठोस एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को मिलेगा बढ़ावा।8 अगस्त को चमोली में वृहद स्वच्छता अभियान, क्रॉनिक कचरा स्थलों की सफाई के साथ प्लास्टिक पर होगी सख्त कार्रवाई.

जनपद में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा लंबे समय से कूड़ा जमा रहने वाले चिन्हित हॉटस्पॉट एवं क्रॉनिक स्थलों की सफाई एवं आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 08 अगस्त को पूरे जनपद में वृहद स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। यह अभियान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से जनपद के सभी विकासखंडों, नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में एक साथ आयोजित होगा।

जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में आयोजित बैठक में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा जितेंद्र यादव बनाम भारत संघ एवं अन्य प्रकरण में जारी निर्देशों के अनुपालन में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इस अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं, सिविल सोसायटी संगठनों एवं अन्य हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वच्छता के प्रति जनआंदोलन का स्वरूप विकसित हो सके।

 परियोजना निदेशक ने बताया कि जनपद में 15 से अधिक हॉटस्पॉट/क्रॉनिक कचरा स्थलों का चिन्हीकरण किया गया है, जहां विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रत्येक न्याय पंचायत एवं ग्राम पंचायत व नगरीय क्षेत्रों में भी व्यापक स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक चिन्हित स्थल के लिए नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा उसे निकटतम कम्पेक्टर मशीन अथवा निर्धारित अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र तक पहुंचाया जाए। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ वन क्षेत्रों में भी विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बायोडिग्रेडेबल उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने एवं प्रभावी चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि ट्रैकिंग रूट एवं वन क्षेत्रों में प्लास्टिक के उपयोग को न्यूनतम करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे प्राकृतिक सौंदर्य एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।

 यह भी निर्देश दिए कि जीएसटी विभाग की चेकपोस्टों पर अन्य जनपदों से आने वाले वाहनों की विशेष जांच की जाए तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी ने निर्धारित कूड़ेदानों के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों की पहचान हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने तथा ऐसे लोगों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

 

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार, परियोजना निदेशक आनंद कुमार, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, नगर निकायों, जिला पंचायत, पंचायतीराज विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *