सिंचाई के लिए पानी लगा रहे युवक पर तेंदुए का हमला।
कालाढूंगी।
ब्लॉक मुख्यालय कोटाबाग से मात्र डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक खेत में सिंचाई का पानी लगाने गए युवक पर दिन दहाड़े तेंदुए ने हमला कर दिया। युवक ने तेंदुए से बमुश्किल अपनी जान बचायी। जिसे स्थानीय लोगों ने हॉस्पिटल में भर्ती कराया।

मामला कोटाबाग विकासखंड के आंवलाकोट ग्रामसभा का है, जहाँ दोपहर लगभग 11-12 बजे खेत में सिंचाई का पानी लगाने गए खेड़ा निवासी पंकज नगरकोटी पर तेंदुए ने हमला कर दिया। अचानक हुए हमले के बाद पंकज घायल हो गया। लेकिन पंकज ने खेत से भागकर अपनी जान बचायी। स्थानीय लोग मौके पर पहुँचे तो पंकज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटाबाग में भर्ती कराया। जहाँ युवक का प्राथमिक उपचार किया गया। पंकज की हालत अब ठीक है।
घटना के पश्चात ग्राम प्रधान ममता वर्मा ने वन विभाग को सूचना दी। जिसके पश्चात वन विभाग की टीम ने तेंदुए को ढूंढने की काफ़ी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष मुकेश वर्मा ने वन विभाग से शीघ्र अतिशीघ्र तेंदुए को पकड़ने एवं पीड़ित युवक को मुआवज़ा देने की भी माँग की।