सेवा पखवाड़ा के तहत 150 से अधिक लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का मिला लाभ

खबर शेयर करें

चमोली

कनोल में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर आयोजित

सेवा पखवाड़ा के तहत 150 से अधिक लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं का मिला लाभ

‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड नंदानगर की न्याय पंचायत बूरा के कनोल में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन दर्जा मंत्री एवं उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग चंद्रकला तिवारी की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर ही विभिन्न विभागीय सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, विद्युत, पेयजल, शिक्षा, आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में 150 से अधिक लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिला।

शिविर के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, आवास तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित कुल 35 शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से 25 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को जनसमस्याओं का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में दर्जा मंत्री एवं उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग चंद्रकला तिवारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ऐसे जनसेवा शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं, जिससे आमजन को काफी सुविधा मिल रही है।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख हेमा नेगी, जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पांडे, तहसीलदार सुधा डोभाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *