*डीएम मयूर दीक्षित ने राजस्व विभाग व अन्य विभागीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए,दिए आवश्यक दिशा निर्देश*
नरेंद्रनगर।
जिला सभागार नई टिहरी में आयोजित राजस्व विभाग के कार्यों से जुड़े, संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेते हुए जिला अधिकारी मयूर दीक्षित ने समस्त कार्यों की फीडबैक लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व से संबंधित विभिन्न तरह के वादों, भू- अभिलेखों सहित अन्य कई प्रकार के वे सभी कार्य जो राजस्व विभाग के अंतर्गत आते हैं, की समीक्षा करने के साथ, फीडबैक लेते हुए, अब तक हुई प्रगति के बारे में जानकारी लेने के बाद, राजस्व सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को समय सीमा के भीतर कार्यों को संपादित करने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए व कहा कि प्रगति के कार्यों में किसी तरह की हीला हवाली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीएम ने जिले के समस्त उपजिलाधिकारियों,तहसीदारों को, तहसीलों का निरीक्षण करने तथा विभिन्न वादों में दायर याचिकाओं को समयान्तर्गत निस्तारित करने के निर्देश दिए।
उप जिला अधिकारियों को राजस्व, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य केन्द्रों एवं राशन दुकानों का निरीक्षण करने तथा कचरा प्रबन्धन,अवैध खनन, आपदा प्रबन्धन,पार्किंग को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों को निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निकायों में किये जा रहे कार्यों को गुणवत्ता के साथ करवाते हुए प्रतिदिन कार्यों की मॉनिटरिंग की जाये।
डीएम ने पार्किंग एवं आपदा प्रबन्धन की जानकारी लेते हुए, वाहनों को पार्किंग स्थल में ही खड़े करने के निर्देश दिए।
डीएम ने विस्थापन होने वाले चिन्हित गांवों की भूमि की वैज्ञानिक सर्वे करवाने तथा रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
राजस्व पुलिस क्षेत्र से संबंधित लम्बित विवेचना की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को मॉनिटरिंग करने तथा गंभीर मामलों को तत्काल रेगुलर पुलिस को हस्तान्तरित करने के डीएम ने निर्देश दिये।
इसके साथ ही जिन चौकियों में बिजली,पानी की समस्या है, उनमें जल जीवन मिशन के अन्तर्गत पेयजल कनेक्शन हेतु संबंधित विभाग को पत्र प्रेषित करने तथा विद्युत कनेक्शन अपने स्तर से लगाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कच्ची शराब, ओवर रेटिंग, स्पीड, लोडिंग, नशे में वाहन संचालन आदि अभियोग में आबकारी अधिकारी,एसडीएम और पुलिस को संयुक्त निरीक्षण करने को कहा।
बैठक में एडीएम केके मिश्रा, एएसपी जेआर जोशी, एसडीएम देवप्रयाग सोनिया पन्त, नरेन्द्रनगर देवेन्द्र नेगी, घनसाली अपूर्वा सिंह, टिहरी संदीप कुमार, धनोल्टी मंजू राजपूत, डीएसओ मनोज डोभाल, एआरटीओ सत्येन्द्र राज, जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मण सिंह सहित समस्त तहसीलदार, कानूनगो, कार्यालय पटल सहायक उपस्थित थे।