एन टी पी सी तपोवन परियोजना का 22वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न
जोशीमठ/चमोली
एन टी पी सी की तपोवन परियोजना का 22वां स्थापना दिवस शुक्रवार को बड़े हर्ष और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर परियोजना परिसर में भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख प्रभारी नरसिंह पाल सिंह के स्वागत के साथ हुआ। उनके आगमन पर पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बन गया। इसके पश्चात ध्वजारोहण किया गया तथा एनटीपीसी गीत के सामूहिक गायन से वातावरण संगठनात्मक गौरव से गूंज उठा। जिसने समारोह में आत्मीयता और उत्साह का संचार किया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में नरसिंह पाल सिंह ने टीम भावना, सुरक्षा और समर्पण को संगठन की सफलता का आधार बताते हुए सभी कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि तपोवन परियोजना ने वर्षों की मेहनत, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों से नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है।
इस अवसर पर भारतीय सेना के जोशीमठ क्षेत्र में आग की घटना को साहसपूर्वक नियंत्रित करने वाले अग्निशमन कर्मियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके साहस, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की उपस्थित जनसमूह द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।
कार्यक्रम के अंत में मानव संसाधन प्रमुख सुगता दास गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समापन चरण में मैत्रीपूर्ण खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें सी आई एस एफ और एनटीपीसी के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। साथ ही एनटीपीसी तपोवन की विभिन्न टीमों के मध्य भी मैत्री मैच आयोजित हुए। इन खेलों ने आपसी सहयोग, समन्वय और सौहार्द की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
