देहरादून सिल्वर सिटी मॉल हत्याकांड का खुलासा
_ झारखंड का कुख्यात अपराधी रंजिश में मारा गया, दो अभियुक्त गिरफ्तार
_ तीन महीने से हो रही थी रेकी, साथ जिम जाकर शूटरों को दी थी विक्रम की लोकेशन
देहरादून।
डालनवाला क्षेत्र स्थित सिल्वर सिटी मॉल में हुई विक्रम शर्मा की हत्या का एसटीएफ उत्तराखंड और दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता समेत छह आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश करीब तीन महीने पहले रची गई थी और आरोपियों ने लगातार रेकी कर वारदात को अंजाम दिया।

एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि 13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल के भीतर विक्रम शर्मा को गोली मारी गई थी। गंभीर रूप से घायल विक्रम को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अमन विहार, रायपुर (देहरादून) का रहने वाला था और पूर्व में झारखंड का कुख्यात अपराधी रहा है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास और रंगदारी समेत कई संगीन मामले दर्ज थे।
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले उसे अन्य स्थानों पर मारने की योजना बना रहे थे, लेकिन हर समय उसके साथ लोगों की मौजूदगी के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद देहरादून को ठिकाना बनाया गया। साजिश में शामिल एक आरोपी ने तीन माह पहले उसी जिम में सदस्यता ली, जहां विक्रम रोजाना जाता था। घटना के दिन भी उसी ने फोन कर साथियों को विक्रम के जिम में होने की सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने खुलासा किया कि तीन आरोपी बाइक से मॉल पहुंचे थे। वारदात के बाद वे सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाइक छोड़कर किराये की स्कूटी और दूसरी बाइक से फरार हुए। इसके बाद हरिद्वार होते हुए स्कॉर्पियो वाहन से आगे रवाना हो गए।
पुलिस ने मोहित उर्फ अक्षत ठाकुर और राजकुमार को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में मुख्य साजिशकर्ता आशुतोष सिंह तथा उसके साथी अंकित वर्मा, विशाल सिंह और आकाश कुमार प्रसाद के नाम सामने आए हैं, जो फरार हैं। आरोपियों ने आपसी रंजिश और आपराधिक वर्चस्व स्थापित करने के लिए हत्या की साजिश रची थी।
एसएसपी देहरादून ने फरार छह आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द सभी वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
