उत्तराखंड में जनसंख्या नियंत्रण कानून पर चर्चा तेज, जरूरत पड़ी तो सरकार करेगी विचार: धामी
देहरादून।
देहरादून में विधानसभा के बजट सत्र के दौरान जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग उठी। बीजेपी विधायक शिव अरोड़ा ने नियम 300 के तहत सदन में यह प्रस्ताव रखा।
इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार लोगों की भावनाओं और सुझावों का सम्मान करती है। यदि भविष्य में आवश्यकता महसूस होती है तो जनसंख्या नियंत्रण कानून पर भी विचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू होने के बाद सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और सरकार संतुलित विकास के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निर्णय ले रही है।
वहीं, बजट सत्र के पांचवें दिन कांग्रेस विधायकों ने गैस सिलेंडर की कमी को लेकर विधानसभा की सीढ़ियों पर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि प्रदेश में गैस की उपलब्धता कम है और कालाबाजारी को भी नहीं रोका जा रहा है।
