गणतंत्र दिवस पर जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने किया ध्वजारोहण।राष्ट्र की एकता, अखंडता और देश के संविधान को आत्मार्पित करने की दिलाई शपथ।

खबर शेयर करें

चमोली
 
गणतंत्र दिवस पर जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने किया ध्वजारोहण।राष्ट्र की एकता, अखंडता और देश के संविधान को आत्मार्पित करने की दिलाई शपथ।जिलाधिकारी ने कहा कि सीमांत जनपद चमोली में छात्रों को जल्द मिलेगी एयरोस्पेस लैब।

राष्ट्रीय पर्व ‘‘गणतंत्र दिवस‘‘ राष्ट्रीय एकता, अखण्डता, धर्मनिरपेक्षता एवं सांप्रदायिक सौहार्द की भावना के साथ जिले में हर्षोल्लास से मनाया गया। सभी सरकारी, अर्द्ध सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने ध्वजारोहण कर कार्मिकों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देश के संविधान को आत्मार्पित करने की शपथ दिलाई। कहा कि संविधान ने हमें मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्य भी दिए है। उन्होंने अधिकारियों को अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा के साथ परिपालन करने और परोपकार की भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अमर शहीदों के बलिदानों को याद करते हुए शहीद स्मारकों पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।

76 वें गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य आयोजन पुलिस मैदान गोपेश्वर में हुआ। पुलिस मैदान गोपेश्वर में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पुलिस एवं एनसीसी जवानों की टुकड़ियों ने पुलिस बैंड के साथ शानदार रैतिक परेड निकालते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। वही स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, उद्योग, उद्यान, कृषि, ग्राम्य विकास, स्वास्थ्य और राष्ट्रीय खेलों की झांकियां खास आकर्षण का केन्द्र रही।

जिलाधिकारी ने अमर शहीदों को नमन करते हुए सभी जनपद वासियों को राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। साथ ही आजादी की लडा़ई में गढ़वाल क्षेत्र से वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली और कुमांऊ क्षेत्र से कालू महरा के योगदान को भी नमन किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि हमारा देश और प्रदेश निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है। उत्तराखंड राज्य को बने 25 वर्ष पूर्ण हो गए है और यह वर्ष हमारे राज्य का रजत जयंती वर्ष है। रजत जयंती वर्ष में उत्तराखंड राज्य को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिलना भी हम सबके लिए गौरवमयी क्षण है। कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला हमारा उत्तराखंड राज्य देश का पहला राज्य बनने जा रहा है।
 
जिलाधिकारी ने कहा कि आर्थिकी के अभाव में जनपद से हो रहे पलायन को रोकने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे है। कृषि और उद्यान विभाग के माध्यम से मसरुम टनल निर्मित करने के साथ ही मसरूम हार्वेस्टिंग, कीवी और सेब उत्पादन, मत्स्य पालन से किसानों को जोड़कर उनकी आर्थिकी सुदृढ़ की जा रही है।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा के विकास के लिए जिले जल्द ही एयरोस्पेस लैब स्थापित की जाएगी। जिससे किताबों में अंतरिक्ष यंत्रों की जानकारी लेने के अलावा प्रैक्टिकल माध्यम से भी छात्र एयरोस्पेस को समझ सकेंगे। कहा कि यह पहल छात्रों के लिए बहुत उपयोगी साबित होगी।
 
जिलाधिकारी ने विद्यालयों में कम उम्र की बालिकाओं में हीमोग्लोबिन की कमी मिलने पर चिंता जाहिर करते हुए सभी अभिभावकों से बालिकाओं के पोषण पर भी विशेष ध्यान रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने सभी को जिले के विकास के लिए अपना सहयोग करने और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

पुलिस मैदान में गणतंत्र दिवस पर शानदार रैतिक परेड में होमगार्ड महिला टोली को प्रथम, सशस्त्र पुलिस बल को द्वितीय और फायर महिला टोली को तृतीय पुरस्कार दिया गया। विभागीय झांकियों में उद्यान विभाग को प्रथम, राष्ट्रीय खेलों की झांकी को द्वितीय और ग्राम्य विकास की झांकी को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। विद्यालयों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सुबोध प्रेम विद्या मंदिर को प्रथम, पीस पब्लिक स्कूल को द्वितीय और रा.क.मा. विद्यालय नैग्वाड को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इस दौरान वनाग्नि सुरक्षा में विशेष योगदान देने पर ग्राम प्रधान, ग्राम सरपंच सहित पत्रकार जितेन्द्र पंवार को सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस समारोह पर आयोजित इस पूरे कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता जयदीप झिंक्वाण एवं अग्निशमन विभाग के सौरभ पुरोहित द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, सीडीओ नंदन कुमार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश,  जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, स्कूली बच्चें एवं बडी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *