बागेश्वर पुलिस का जागरूकता अभियान, पर्यटकों और स्कूली बच्चों को दिए सुरक्षा के टिप्स
बागेश्वर :
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में जनपद पुलिस ने आमजन, पर्यटकों और स्कूली बच्चों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए वृहद जन-जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में लोगों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
थाना कौसानी पुलिस ने क्षेत्र में पहुंचे पर्यटकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। पुलिस टीम ने पर्यटकों को स्थानीय दर्शनीय स्थलों की जानकारी देने के साथ ही साइबर ठगी से बचाव, सुरक्षा उपायों और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
वहीं थाना शामा पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज शामा में जागरूकता शिविर आयोजित किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नए कानून, साइबर अपराध, बाल अपराध, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, बाल श्रम और सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने बच्चों को आपातकालीन सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1090 और साइबर हेल्पलाइन-1930 के उपयोग के बारे में भी बताया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लोगों को जागरूक कर अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा के प्रति सजग बनाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।