156 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

खबर शेयर करें

चमोली

बहु-विभागीय जनकल्याण शिविर बना राहत का केंद्र, 156 मामलों का तत्काल समाधान

नारायणबगड़ जनकल्याण शिविर में मिली त्वरित राहत, 156 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने, जागरूकता बढ़ाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को विकासखंड नारायणबगड़ में बहु-विभागीय प्रदर्शनी एवं जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन थराली विधायक  भूपाल राम टम्टा ने किया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी स्टॉल स्थापित कर ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योजनाओं के लाभ, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा विभिन्न सेवाओं के संबंध में लोगों को जागरूक किया।

आयोजित शिविर में कुल 194 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 175 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 156 शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान की गई। शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए विशेष शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं कृषि, समाज कल्याण, स्वास्थ्य समेत अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए लोगों की समस्याओं का समाधान किया। कृषि विभाग द्वारा किसानों को कृषि यंत्र, उन्नत बीज, खाद एवं आवश्यक दवाइयों सहित अन्य उपयोगी सामग्री का वितरण भी किया गया।

शिविर में स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिससे स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही समूहों को विपणन का बेहतर अवसर प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्षवर्धन भट्ट, सहायक समाज कल्याण अधिकारी रोशनी रावत, संरक्षण अधिकारी रजनी पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *