यूकेडी से डॉ. सौम्य चौधरी ने डोईवाला विधानसभा से ठोकी ताल
बोले— 200 यूनिट मुफ्त बिजली और विकास हमारी प्राथमिकता
स्थायी राजधानी गैरसैंण, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा,
भ्रष्टाचार पर रोक और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का किया वादा

डोईवाला।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। डोईवाला विधानसभा क्षेत्र से यूकेडी के संभावित प्रत्याशी डॉ. सौम्य चौधरी ने चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान करते हुए क्षेत्र के विकास को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।
डॉ. चौधरी ने कहा कि यदि उत्तराखंड क्रांति दल की सरकार बनती है तो प्रदेश के प्रत्येक परिवार को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही सरकारी अस्पतालों की स्थिति में व्यापक सुधार किया जाएगा ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि यूकेडी विधानसभा चुनाव में जल, जंगल और जमीन के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। पार्टी की प्राथमिकताओं में गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाना और प्रदेश में भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाना भी शामिल है।
डॉ. चौधरी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके कार्यकाल में कई बार पेपर लीक की घटनाएं हुईं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए, जिससे लोगों में नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि डोईवाला क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मंदिर समिति में दान राशि की कथित चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए डॉ. चौधरी ने कहा कि इस प्रकरण में केवल छोटे स्तर के लोगों पर कार्रवाई हुई है, जबकि बड़े जिम्मेदार लोग अब भी कानून की पकड़ से बाहर हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
डॉ. चौधरी ने कहा कि जनता इस बार बदलाव चाहती है और यूकेडी प्रदेश के हितों तथा जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि जनता का आशीर्वाद मिला तो डोईवाला को विकास की नई दिशा दी जाएगी।