चमोली
मतदाता सूची में नाम जोड़ने-विलोपन के आवेदनों की जिलाधिकारी ने की सुपर चेकिंग
नाम जोड़ने एवं विलोपन के प्रत्येक आवेदन की गहनता से जांच के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मंगलवार को जिला निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा दर्ज किए गए फॉर्म-6 एवं फॉर्म-7 के आवेदनों की सुपर चेकिंग की। उन्होंने अधिकारियों के साथ आवेदनों की जांच करते हुए निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने अथवा नाम विलोपन से संबंधित प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार एवं दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान तक जनपद की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने तथा फॉर्म-7 के माध्यम से नाम विलोपन के कुल 36 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र से 16, कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से 15 तथा थराली विधानसभा क्षेत्र से 05 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी प्राप्त आवेदनों की बारीकी से जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का निस्तारण निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम गलती से विलोपित न हो और अपात्र व्यक्ति का नाम गलत तरीके से शामिल न किया जाए। इसके लिए प्रत्येक आवेदन का तथ्यात्मक सत्यापन एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच अनिवार्य रूप से की जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि मृत्यु के कारण नाम विलोपन के प्रकरणों में मृत्यु प्रमाण पत्र सहित आवश्यक अभिलेख, जबकि विवाह अथवा अन्य कारणों से नाम में परिवर्तन/विलोपन से संबंधित मामलों में संबंधित प्रमाण पत्र एवं आवेदन के अनुरूप सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों के अभाव में केवल अनुमान या मौखिक जानकारी के आधार पर कोई कार्रवाई न की जाए।
अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरती जाए और प्रत्येक प्रकरण की जांच के बाद ही नियमानुसार निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और विलोपन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डी.सी. सती सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।