इंजीनियरिंग निर्माण की चुनौतियों पर मंथन, 100 से अधिक अभियंताओं ने किया विचार-विमर्श
एलीट इंफ्रास्ट्रक्चर क्वालिटी लैब और श्री सीमेंट की तकनीकी संगोष्ठी में गुणवत्ता व आधुनिक तकनीकों पर जोर
देहरादून।
देश में तेजी से हो रहे अधोसंरचना विकास और निर्माण क्षेत्र के सामने उभर रही आधुनिक चुनौतियों पर चर्चा के उद्देश्य से एलीट इंफ्रास्ट्रक्चर क्वालिटी लैब एवं श्री सीमेंट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को एक अर्धदिवसीय तकनीकी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। होटल सैफ्रॉन लीफ में आयोजित संगोष्ठी का विषय “वर्तमान समय में इंजीनियरिंग निर्माण की चुनौतियाँ” रहा।

संगोष्ठी में यूजेवीएनएल, सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी), पेयजल विभाग, जल संस्थान, एनएचएआई और आरवीएनएल सहित विभिन्न सरकारी एवं अर्ध-सरकारी संस्थानों के 100 से अधिक वरिष्ठ अभियंताओं और विषय विशेषज्ञों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंजीनियर नरेंद्र सिंह (पूर्व अध्यक्ष, द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स, इंडिया) रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक इंजीनियर ए.के. सिंह तथा सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता इंजीनियर सुभाष पांडेय उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता सीबीआरआई के डॉ. एस.के. सिंह ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता नियंत्रण (क्वालिटी कंट्रोल) और गुणवत्ता आश्वासन (क्वालिटी एश्योरेंस) की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की बड़ी अधोसंरचना परियोजनाओं में गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।

एलीट इंफ्रास्ट्रक्चर क्वालिटी लैब के निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रशांत अग्रवाल ने प्रयोगशाला की अत्याधुनिक परीक्षण सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रयोगशाला पूर्णतः डिजिटाइज्ड है। यहां सर्वो नियंत्रित सीटीएम और यूटीएम मशीनों सहित आधुनिक उपकरण स्थापित हैं, जो उद्योग के उच्चतम मानकों के अनुरूप सटीक परीक्षण सेवाएं उपलब्ध कराते हैं।
प्रबंध निदेशक इंजीनियर एन.के. यादव ने कहा कि प्रयोगशाला केवल परीक्षण सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि अभियंताओं और तकनीकी पेशेवरों के लिए प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास कार्यक्रम भी संचालित कर रही है।
श्री सीमेंट लिमिटेड की ओर से नॉर्थ इंडिया हेड इंजीनियर नितिन कपूर ने कंपनी की गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता और क्षेत्र में हो रहे विस्तार की जानकारी दी। उनके साथ नेशनल हेड टेक्निकल स्ट्रेटेजी इंजीनियर गौतम चटर्जी भी मंच पर मौजूद रहे।
श्री सीमेंट के जोनल हेड (नॉर्थ) सुमत गुप्ता ने भारत सरकार के ‘बिल्ड इंडिया’ विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि कंपनी देश के आर्थिक विकास और टिकाऊ अधोसंरचना परियोजनाओं के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर कार्य कर रही है। उन्होंने भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।