चमोली
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितम्बर को
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश के अनुसार जनपद चमोली के समस्त न्यायालयों में 12 सितम्बर, 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चमोली के सचिव/सीनियर सिविल जज ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय परिसर गोपेश्वर के साथ-साथ बाह्य न्यायालय जोशीमठ, कर्णप्रयाग, थराली, पोखरी एवं गैरसैंण में किया जाएगा।
लोक अदालत में फौजदारी के मामलों, एनआई एक्ट, मोटर दुर्घटना प्रतिकर दावों, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों, श्रम एवं भूमि अर्जन मामलों, सिविल अपीलों, राजस्व मामलों, मनरेगा, विद्युत एवं जलकर बिलों, बिक्रीकर , आयकर, अप्रत्यकर, वेतन-भत्तों, वन एवं आपदा प्रतिकर सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सभी न्यायालयों से अधिक से अधिक लंबित वादों को लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित कराने का अनुरोध किया गया है। साथ ही वाहन चालान से संबंधित शमनीय (Criminal Compoundable) मामलों का भी लोक अदालत में निस्तारण किया जाएगा।
जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने मामलों का त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान प्राप्त करें।