देहरादून
अब हर सोमवार को लगेगा DM का ‘कड़ा हंटर’ ‘समाधान दिवस’ के पहले ही दिन 132 मामलों पर ऑन-द-स्पॉट एक्शन, ऑनलाइन ट्रैक होगी आपकी एक-एक शिकायत
अगर आपका काम भी सरकारी बाबू अटका रहे हैं, या ज़मीन के चक्कर में दफ्तरों की चप्पलें घिस चुकी हैं, तो यह खबर आपके चेहरे पर मुस्कान ला देगी! देहरादून के धाकड़ जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आज जनता दरबार का नाम बदलकर ‘समाधान दिवस’ कर दिया है।

अब केवल शिकायतें सुनी नहीं जाएंगी, बल्कि उन्हें सीधे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कर ट्रैक किया जाएगा। यानी अब अधिकारी आपकी शिकायत को ठंडे बस्ते में नहीं डाल पाएंगे।
ज़मीन माफियाओं और विवादों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक ज़मीन से जुड़ी शिकायतों की बाढ़ देखकर DM ने तुरंत एक ‘हाई-लेवल स्पेशल सेल’ बनाने का आदेश दिया है। कब्ज़ा, अतिक्रमण, और किरायेदार के विवाद अब ‘फास्ट ट्रैक मोड’ में सुलझेंगे।
89 साल के पूर्व सैनिक की गुहार पर तुरंत एक्शन: किरायेदार की धमकी से परेशान बुजुर्ग पूर्व सैनिक राधेश्याम की बात सुन DM ने सीधे पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) को खुद फील्ड में उतरकर एक्शन लेने को कहा!
पहाड़ की गर्भवती महिलाओं के लिए संजीवनी: सड़क विहीन सुदूर गांवों की हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं का डेटा बनेगा और उन्हें प्रसव से पहले ही सुरक्षित अस्पतालों में शिफ्ट किया जाएगा। अस्पतालों की लंबी लाइनों से मुक्ति: देहरादून के सरकारी अस्पतालों में अब मरीजों के लिए टोकन व्यवस्था अनिवार्य होगी।
पहाड़ को एम्बुलेंस, मैदान को इलेक्ट्रिक बसें: चकराता, क्वांसी और लाखामंडल में ‘खुशियों की सवारी’ एम्बुलेंस सेवा और देहरादून-डोईवाला-थानो रूट पर नई इलेक्ट्रिक/स्मार्ट सिटी बसें चलाने का बड़ा प्रस्ताव।
मजबूर मां और बुजुर्गों की आर्थिक मदद के निर्देश

डालनवाला की मुस्कान ने जब रोते हुए बताया कि आर्थिक तंगी के कारण स्कूल ने उनके बेटे की फीस न मिलने पर सर्टिफिकेट रोक दिया है, तो DM ने तुरंत एसडीएम सदर को स्कूल प्रशासन से बात कर समाधान करने को कहा। इसके अलावा ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को भी तुरंत फसल बीमा का मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं।
DM डॉ. आशीष चौहान की सख्त चेतावनी
जनता के काम में लापरवाही करने वाले अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।