बिरही जंगल अग्निकांड में ग्रामीण की दर्दनाक मौत। आग बुझाने के दौरान जिंदा झुलसा पाखी गांव का युवक, परिजनों ने उठाए सवाल

खबर शेयर करें

बिरही जंगल अग्निकांड में ग्रामीण की दर्दनाक मौत।

आग बुझाने के दौरान जिंदा झुलसा पाखी गांव का युवक, परिजनों ने उठाए सवाल

गोपेश्वर/चमोली।

चमोली जिले के बिरही क्षेत्र में जंगलों में लगी भीषण आग एक परिवार के लिए काल साबित हुई। आग बुझाने गए एक ग्रामीण की आग की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

मृतक की पहचान ज्योतिर्मठ विकासखंड के पाखी गांव निवासी 43 वर्षीय राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बिरही के समीप जंगलों में मंगलवार दोपहर अचानक भीषण आग भड़क उठी। तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलने लगी और आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ने लगी। आग को बढ़ता देख स्थानीय ग्रामीण आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि आग पर काबू पाने के प्रयास के दौरान राजेंद्र सिंह आग की तेज लपटों और घने धुएं की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुके थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जंगल की आग पर नियंत्रण पा लिया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था। लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने तथा मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

इधर, बद्रीनाथ वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी श्रवेष कुमार दुबे ने बताया कि बिरही क्षेत्र के जंगलों में बुधवार करीब तीन बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि तेज हवाओं के कारण आग की लपटें तेजी से फैल रही थीं, इसी दौरान राजेंद्र सिंह आग की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *