चमोली
पुष्कर सिंह नेगी की ईमानदारी की मिसाल बनी समाज के लिए प्रेरणा
आज के दौर में जहाँ लोग छोटी-छोटी बातों में भी स्वार्थ देखने लगे हैं, वहीं कुछ लोग अपने अच्छे संस्कारों और ईमानदारी से समाज के लिऐ प्रेरणा बन जाते हैं। ऐसा ही एक सराहनीय उदाहरण गौचर क्षेत्र में देखने को मिला, जिसने मानवता और सच्चाई पर लोगों का विश्वास और मजबूत कर दिया।
बीते रोज 11 मई को
लक्ष्मण सिंह राणा द्वारा पुलिस चौकी गौचर में सूचना दी गई कि उनके परिजन का 9 पत्ती वाला कीमती गुलबंद किसी वाहन में कहीं छूट गया है। आभूषण काफी मूल्यवान होने के कारण परिवार बेहद चिंतित और परेशान था। काफी खोजबीन के बाद भी जब गुलबंद का कोई पता नहीं चला, तो इसकी सूचना पुलिस चौकी गौचर में दी गई। इसी दौरान रोडवेज बस संख्या UK07PA6707 में यात्रा कर रहे यात्री पुष्कर सिंह नेगी पुत्र मातबर सिंह नेगी निवासी खेती चौरासैंण को बस के अंदर उक्त गुलबंद मिला। चाहें तो वे इसे अपने पास रख सकते थे, लेकिन उन्होंने ईमानदारी और मानवता का परिचय देते हुऐ तुरंत इसकी जानकारी दी और स्वयं बस को पुलिस चौकी लेकर पहुंचे। वहाँ उन्होंने गुलबंद को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस द्वारा पूरी तस्दीक और पूछताछ के बाद उक्त गुलबंद को सकुशल नवमा देवी के परिजन लक्ष्मण सिंह राणा के सुपुर्द कर दिया गया।
अपना कीमती आभूषण सुरक्षित वापस मिलने पर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। लक्ष्मण सिंह राणा ने यात्री पुष्कर सिंह नेगी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुऐ कहा कि आज भी समाज में ऐसे ईमानदार और नेकदिली लोग मौजूद हैं, जिनकी वजह से इंसानियत जिंदा है। पुष्कर सिंह नेगी द्वारा किया गया यह कार्य न केवल ईमानदारी की मिसाल है, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश भी देता है कि अच्छे संस्कार और सच्चाई आज भी जीवित हैं। ऐसे लोग समाज की असली पूंजी होते हैं, जो अपने व्यवहार से दूसरों के लिए प्रेरणा स्रोत बनते हैं।