ऋषिकेश–बदरीनाथ हाईवे बंद, 10 किमी लंबा जाम हाइवे खोलने का कार्य जारी

खबर शेयर करें

ऋषिकेश–बदरीनाथ हाईवे बंद, 10 किमी लंबा जाम
हाइवे खोलने का कार्य जारी
रुद्रप्रयाग।

उत्तराखंड के ऋषिकेश–बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रीनगर और रुद्रप्रयाग के बीच स्थित सिरोबगड़–खांकरा लैंडस्लाइड जोन में एक बार फिर भारी भूस्खलन से लम्बा जाम लग़ गया।

शुक्रवार रात करीब दो बजे से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है और लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा व बड़े-बड़े बोल्डर गिरने का सिलसिला जारी है। इससे सड़क खोलने में जुटी मशीनों और कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
करीब तीन दशक से भूस्खलन की समस्या झेल रहे इस संवेदनशील क्षेत्र का अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। हर मानसून में यह स्थान चारधाम यात्रा और स्थानीय लोगों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है। मौसम विभाग ने भी 15 जुलाई तक प्रदेश में बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जारी किया है, जिससे स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
भूस्खलन के चलते राजमार्ग के दोनों ओर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। हजारों श्रद्धालु, पर्यटक, स्थानीय नागरिक और आवश्यक वस्तुओं से लदे वाहन घंटों से सड़क पर फंसे हुए हैं। कई परिवारों को पूरी रात अपने वाहनों में ही बितानी पड़ी। बारिश और ठंड के बीच छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने छोटे वाहनों को वैकल्पिक छांतीखाल मोटर मार्ग से श्रीनगर की ओर भेजना शुरू कर दिया है, जबकि भारी वाहन अब भी राजमार्ग पर ही फंसे हुए हैं।
ट्रैफिक पुलिस रुद्रप्रयाग के टीएसआई कैलाश शर्मा ने बताया कि सड़क खोलने के लिए मशीनें लगातार मलबा हटाने में जुटी हैं, लेकिन ऊपर से लगातार गिर रहे पत्थरों और मलबे के कारण राहत कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही राजमार्ग पर यातायात बहाल किया जाएगा।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *