देहरादून एसएसपी का वार्षिक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त चेतावनी

खबर शेयर करें

देहरादून एसएसपी का वार्षिक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त चेतावनी

लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश, साइबर अपराधों पर विशेष ध्यान रखें।

देहरादून।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने बुधवार को पुलिस कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का जायजा लेते हुए अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई और लंबित मामलों के निस्तारण को लेकर सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि पत्रावलियों और जांच को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शिकायत प्रकोष्ठ में लंबित प्रार्थना पत्रों की समीक्षा करते हुए उन्होंने एक माह से अधिक समय से लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही, बार-बार रिमाइंडर के बावजूद लापरवाही बरतने वाले जांच अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के आदेश भी दिए।
एस एस पी ने मौके पर पहुंचे शिकायतकर्ताओं की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित थानाध्यक्षों को तुरंत निस्तारण के निर्देश दिए। साइबर सेल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने साइबर अपराधों से जुड़े मामलों की जानकारी ली और सभी सूचनाओं को एनसीआरबी पोर्टल पर समय से अपलोड करने के निर्देश दिए।
प्रधान लिपिक शाखा के निरीक्षण में एस एस पी ने पत्रावलियों को लंबित न रखने और कर्मचारियों के एसीआर समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निर्धारित समय में एसीआर पूर्ण न करने पर वेतन रोकने की चेतावनी भी दी गई।
इसके अलावा, चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और पुराने मामलों को एक सप्ताह के भीतर निपटाने के निर्देश दिए गए। भवन शाखा के निरीक्षण में नए थाना और चौकियों के प्रस्तावों की जानकारी ली गई तथा 50 साल से अधिक पुराने पुलिस भवनों का सुरक्षा ऑडिट कराने और जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *