चेकिंग से बचने के लिए कार सवार युवकों ने पुलिसकर्मी को मारी टक्कर, 4 आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें

चेकिंग से बचने के लिए कार सवार युवकों ने पुलिसकर्मी को मारी टक्कर, 4 आरोपी गिरफ्तार

देहरादून।

देहरादून में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिसकर्मी को टक्कर मारकर फरार होने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में घायल एक अन्य आरोपी का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल की देर रात विकासनगर पुलिस डाकपत्थर तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरबर्टपुर की ओर से तेज गति से आ रही हरियाणा नंबर की एक संदिग्ध कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेजी से फरार हो गया।
सूचना तत्काल कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी चेक पोस्टों पर प्रसारित की गई। कुछ देर बाद वाहन के धनवंतरी चौक से कैनाल रोड की ओर जाने की सूचना मिली, जहां कार सवार युवकों द्वारा हंगामा भी किया गया।
पुलिस जब मौके पर पहुंची और आरोपियों से पूछताछ का प्रयास किया, तो चालक ने वाहन को तेजी से पीछे करते हुए सरकारी वाहन में टक्कर मार दी और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को कुचलते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान एक स्थानीय व्यक्ति भी युवकों को रोकने के प्रयास में घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल पुलिसकर्मी और स्थानीय व्यक्ति को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फरार वाहन की तलाश के दौरान सूचना मिली कि कार बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया, जबकि अन्य तीन आरोपी भाग गए थे। बाद में पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना में घायल वाहन चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी शराब के नशे में थे और पुलिस से बचने के लिए मुख्य मार्ग छोड़कर गली-मोहल्लों के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे।
इस मामले में कोतवाली विकासनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *