महाविद्यालय तलवाड़ी के दो प्राध्यापक आईआईएससी बेंगलुरु में लेंगे प्रशिक्षण
थराली।
राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी के विज्ञान संकाय के दो प्राध्यापक आगामी 28 दिसंबर से 12 जनवरी 2026 तक देश के प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु में 15 दिवसीय गहन प्रशिक्षण में भाग लेंगे। प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों में वनस्पति विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. प्रतिभा आर्य और गणित विभाग प्रभारी सुश्री सुधा रानी शामिल हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राध्यापक नई शिक्षा तकनीक, अकादमिक गुणवत्ता, शोध एवं नवाचार जैसे महत्त्वपूर्ण विषयों पर दक्षता हासिल करेंगे। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी प्राध्यापक इसकी विस्तृत प्रगति आख्या प्रस्तुत करेंगे, जिसका लाभ विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में लिया जाएगा।
प्राचार्य ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग उत्तराखंड की इस पहल के तहत भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण लगातार आयोजित किए जाएंगे। मीडिया प्रभारी महाविद्यालय डॉ ललित जोशी ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों से कुल 95 विज्ञान संवर्ग के प्राध्यापकों को इस प्रशिक्षण के लिए चयनित किया गया है, जिन्हें 24 दिसंबर को देहरादून में आयोजित संवाद बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत आवश्यक दिशा निर्देश देंगे।