खतरनाक प्वाइंट्स पर बढ़ी निगरानी, डीएम-एसपी खुद पहुंचे मैदान में।चारधाम यात्रा मार्ग पर प्रशासन सख्त : डीएम-एसपी ने किया सघन निरीक्षण

खबर शेयर करें

 

खतरनाक प्वाइंट्स पर बढ़ी निगरानी, डीएम-एसपी खुद पहुंचे मैदान में।चारधाम यात्रा मार्ग पर प्रशासन सख्त : डीएम-एसपी ने किया सघन निरीक्षण

गोपेश्वर।

चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने गोपेश्वर से ज्योतिर्मठ तक यात्रा मार्ग का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मार्ग पर स्थित संवेदनशील स्लाइडिंग जोनों—भनेरपानी, टंगणी, पातालगंगा और पागलनाला—का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मार्ग की भौगोलिक परिस्थितियों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, यातायात प्रबंधन एवं आपदा से निपटने की तैयारियों का गहन आकलन किया गया। अधिकारियों ने विशेष रूप से भनेरपानी स्लाइडिंग जोन को अत्यधिक संवेदनशील बताते हुए कहा कि वर्षा ऋतु में यह क्षेत्र काफी जोखिमपूर्ण हो जाता है और यहां अक्सर भूस्खलन के कारण यातायात बाधित होता है।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों और कार्यदाई संस्थाओं को निर्देश दिए कि सभी संवेदनशील स्थलों पर निरंतर निगरानी रखी जाए। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक मशीनरी एवं संसाधन पहले से तैनात रखने के निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण या मरम्मत कार्यों के दौरान यात्रा मार्ग को 10 मिनट से अधिक समय तक बाधित न किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजन को असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभाग पूर्ण सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *