आईएमए पासिंग आउट परेड में विशाल कुमार चमके स्वॉर्ड ऑफ ऑनर व गोल्ड मेडल से सम्मानित

खबर शेयर करें

आईएमए पासिंग आउट परेड में विशाल कुमार चमके

स्वॉर्ड ऑफ ऑनर व गोल्ड मेडल से सम्मानित

देहरादून।

भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड में जेंटलमैन कैडेट्स ने सैन्य अधिकारी के रूप में भारतीय सेना में कदम रखा। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को विभिन्न पदकों और सम्मान से नवाजा गया। सबसे बड़ा सम्मान स्वॉर्ड ऑफ ऑनर और गोल्ड मेडल कैडेट विशाल कुमार को मिला। उन्हें स्वॉर्ड ऑफ ऑनर ‘बेस्ट अमंग ऑफिसर कैडेट्स’ तथा आर ई जी कोर्स में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर गोल्ड मेडल प्रदान किया गया।
आर ई जी कोर्स में द्वितीय स्थान हासिल करने पर प्रिंस राज को सिल्वर मेडल तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने पर तेजस भट्ट को ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया गया। वहीं, टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स में प्रथम आने पर हृषभ मिश्रा को सिल्वर मेडल प्रदान किया गया।
स्पेशल कमीशंड ऑफिसर्स श्रेणी में बोधराज थापा को गोल्ड मेडल मिला, जबकि टी ई एस कोर्स में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर करण पांडेय को सिल्वर मेडल प्रदान किया गया। मित्र देशों के कैडेट्स में बांग्लादेश के जैफ सादिद अल्वी को सर्वश्रेष्ठ विदेशी कैडेट का पुरस्कार दिया गया।
इस दौरान इंफाल कंपनी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बैनर प्रदान किया गया। समारोह में राष्ट्रपति ने नव नियुक्त सैन्य अधिकारियों को संबोधित करते हुए राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया।
राष्ट्रपति के संबोधन के बाद पासिंग आउट कैडेट्स ने अकादमी के ऐतिहासिक ‘अंतिम पग’ को पार कर भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में अपना पहला कदम रखा। इस भावुक और गौरवपूर्ण क्षण में हेलीकॉप्टर से कैडेट्स पर पुष्प वर्षा की गई। इसके बाद अकादमी परिसर में पारंपरिक पिपिंग सेरेमनी आयोजित हुई, जिसमें नव नियुक्त अधिकारियों के कंधों पर रैंक लगाई गई।
प्रमुख सम्मान
स्वॉर्ड ऑफ ऑनर एवं गोल्ड मेडल – विशाल कुमार
सिल्वर मेडल (REG) – प्रिंस राज
ब्रॉन्ज मेडल (REG) – तेजस भट्ट
सिल्वर मेडल (TGC) – हृषभ मिश्रा
सिल्वर मेडल (TES) – करण पांडेय
गोल्ड मेडल (SCO) – बोधराज थापा
सर्वश्रेष्ठ विदेशी कैडेट – जैफ सादिद अल्वी (बांग्लादेश)
चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बैनर – इंफाल कंपनी


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *