स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने शुरू किया हिलांस रेस्टोरेंट, मंत्री ने चखे पहाड़ी व्यंजन

खबर शेयर करें

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने शुरू किया हिलांस रेस्टोरेंट, मंत्री ने चखे पहाड़ी व्यंजन

चमोली।

विकासखंड पोखरी के गंगनाली आजीविका सीएलएफ के अंतर्गत गठित मां अनुसूया स्वयं सहायता समूह द्वारा स्थापित सामुदायिक उद्यम “हिलांस रेस्टोरेंट” का उद्घाटन ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार झंगोरे की खीर, मंडुवे की रोटी और बाड़ी जैसे पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद लिया और उनकी सराहना की।

मंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों को तीर्थयात्रियों तथा पर्यटकों तक पहुंचाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। इससे स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलेगा, ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ेगी और क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं खाद्य विरासत को नई पहचान मिलेगी।

उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट के सफल संचालन के लिए भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और सेवा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। बेहतर सेवाओं से अधिक लोग स्थानीय व्यंजनों की ओर आकर्षित होंगे और यह उद्यम सफलता का उदाहरण बनेगा।

भरत सिंह चौधरी ने अधिकारियों को जनपद के प्रमुख यात्रा मार्गों पर भी इसी प्रकार के सामुदायिक रेस्टोरेंट स्थापित करने के प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना ग्रामीण महिलाओं की आजीविका संवर्धन और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित सामुदायिक उद्यम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी केके पंत, खंड विकास अधिकारी पोखरी, जिला परियोजना प्रबंधक रीप, ब्लॉक मिशन प्रबंधक, गंगनाली आजीविका सीएलएफ के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।

उद्घाटन कार्यक्रम के बाद मंत्री ने गौचर में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया। इससे पूर्व भाजपा नगर मंडल गौचर-रानीगढ़ की ओर से उनका स्वागत किया गया।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *