छोटे भाई ने बड़े भाई की गोली मारकर की हत्या
फिजूलखर्ची और मारपीट से नाराज था आरोपी
पुलिस को गुमराह करने के लिए हाईवे जाम कराया
देहरादून।
पटेलनगर थाना क्षेत्र के भुड्डी गांव में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का दून पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने फिजूलखर्ची और नशे की आदतों को लेकर बड़े भाई द्वारा लगातार टोके जाने तथा मारपीट किए जाने से नाराज होकर हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार 14 जून की रात सूचना मिली थी कि भुड्डी गांव में सोहेल हारून (24) को अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर गोली मार दी है। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के छोटे भाई शाहिद हारून ने शुरुआत में पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उसके भाई को गोली मारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पता चला कि घटना के समय कोई बाहरी व्यक्ति घर में दाखिल नहीं हुआ था। साथ ही घर के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी डिलीट की गई थी। तलाशी के दौरान घर के बाथरूम से एक 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद हुई।
पुलिस को शाहिद की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपने बड़े भाई सोहेल की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और महंगे शौक पूरे करने के लिए परिवार से पैसे लेता था। कुछ समय पहले उसने पिता के खाते से एटीएम के जरिए करीब 10 लाख रुपये निकालकर खर्च कर दिए थे। इस बात का पता चलने पर बड़े भाई सोहेल ने उसकी पिटाई की थी, जिससे वह बेहद नाराज था।
आरोपी ने बताया कि उसने दो दिन पहले ही घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी थी। 14 जून की रात मौका पाकर उसने देशी पिस्टल से सोहेल को गोली मार दी और हथियार बाथरूम में छिपा दिया।
हत्या के बाद शाहिद ने गांव वालों को भड़काकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने अज्ञात हमलावर की झूठी कहानी सुनाई और मृतक के शव को देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर जाम लगवा दिया। इस मामले में पुलिस ने शाहिद समेत अन्य नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ अलग से मुकदमा भी दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी शाहिद हारून (21) निवासी ग्राम भुड्डी, पोस्ट कारबारी, थाना पटेलनगर को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद कर ली है। मामले की आगे की जांच जारी है।