आईटीबीपी की 23वीं वाहिनी ने मनाया शहीद दिवस अमर शहीद उप निरीक्षक प्रमोद सजवाण को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

खबर शेयर करें

आईटीबीपी की 23वीं वाहिनी ने मनाया शहीद दिवस

अमर शहीद उप निरीक्षक प्रमोद सजवाण को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

देहरादून।

23वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) ने मंगलवार को बल्लूपुर चौक स्थित शहीद स्मारक पर शहीद दिवस का आयोजन कर अमर शहीद उप निरीक्षक (जीडी) प्रमोद सजवाण को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों तथा स्थानीय नागरिकों ने उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए दो मिनट का मौन रखा।
कार्यक्रम में उप महानिरीक्षक (उत्तरी फ्रंटियर) सुरेन्द्र खत्री एवं 23वीं वाहिनी के कमांडेंट रिंकू थापा ने शहीद के पिता बी.एस. सजवाण को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्र ऐसे वीर सपूतों के सर्वोच्च बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा और आईटीबीपी परिवार शहीदों तथा उनके परिजनों के सम्मान और सहयोग के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेगा।
इस अवसर पर देहरादून कैंट की विधायक सविता कपूर, राज्य मंत्री (भूतपूर्व सैनिक कल्याण) शमशेर सिंह बिष्ट, पार्षद अंकित अग्रवाल, वनस्थली कल्याण परिषद के महासचिव संतोष कोठियाल, सीमा सुरक्षा बल के पूर्व महानिरीक्षक एच.एस. कोठियाल, क्षेत्रीय मुख्यालय देहरादून के द्वितीय कमान अमित घिडियाल, उप कमांडेंट शिव प्रसाद सती, सहायक कमांडेंट विजय यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
कमांडेंट रिंकू थापा ने कहा कि अमर शहीद उप निरीक्षक प्रमोद सजवाण का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आईटीबीपी परिवार उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए राष्ट्रसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीद उप निरीक्षक प्रमोद सजवाण को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके सर्वोच्च बलिदान को कृतज्ञतापूर्वक स्मरण किया।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *