निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन 482 मरीजों ने लिया लाभ

खबर शेयर करें

चमोली

कर्णप्रयाग में बहु-विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन 482 मरीजों ने लिया लाभ

सेवा, सुशासन एवं समर्पण के संकल्प के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में आयोजित बहु-विशेषज्ञ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श, जांच एवं निःशुल्क उपचार का लाभ उठाया।

शिविर में कुल 482 मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। इस दौरान 158 लोगों की रक्तचाप, 103 की मधुमेह, 35 की टीबी, 10 की सर्वाइकल कैंसर, 15 की स्तन कैंसर तथा 37 की मुख कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत चार गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई।

इसके अलावा 102 एक्स-रे, 70 निःशुल्क अल्ट्रासाउंड तथा 168 विभिन्न लैब जांचें की गईं। आठ किशोरियों को मासिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया और आठ किशोरियों का एचपीवी टीकाकरण किया गया। वहीं तीन लोगों ने निक्षय मित्र बनने के लिए पंजीकरण कराया। 22 लोगों के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी और नौ लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। शिविर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि 21 जुलाई को भी उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में वरिष्ठ परामर्शदाता सर्जन डॉ. राजीव शर्मा, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित भट्ट, डेंटल सर्जन डॉ. हरीश थपलियाल, फिजीशियन डॉ. सत्येंद्र कंडारी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ऊमारानी शर्मा, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा सिंह तथा ईएनटी सर्जन डॉ. अल्का ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.पी. पुरोहित, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक विनय बहुगुणा, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सूरज नेगी, संजना खाम्पा, मंजुला चंद्रवाल, लैब टेक्नीशियन आशीष किमोठी, सारथी जखमोला, हरीश कुमेडी, कुशालानंद भट्ट, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *