चमोली
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की स्क्रीनिंग
सोमवार को जनपद चमोली में बिहार राज्य के सीतामढ़ी जनपद से प्राप्त 1100 कंट्रोल यूनिट (CU) एवं 200 वीवीपैट (VVPAT) मशीनों की स्क्रीनिंग का कार्य भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है।
विकास भवन गोपेश्वर के सामने स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मोबाइल एप के माध्यम से ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की स्क्रीनिंग प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है। स्क्रीनिंग कार्य का निरीक्षण अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश ने किया। उन्होंने पूरी प्रक्रिया का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन करते हुए पारदर्शिता के साथ स्क्रीनिंग कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के लिए बिहार राज्य के सीतामढ़ी जनपद से जनपद चमोली को 1100 कंट्रोल यूनिट एवं 200 वीवीपैट मशीनें आवंटित की गई हैं। इन मशीनों को जनपद में लाए जाने के उपरांत विकास भवन के सामने स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस में सुरक्षित रखा गया है। आयोग के निर्देशानुसार सभी मशीनों की मोबाइल एप के माध्यम से स्क्रीनिंग की जा रही है। स्क्रीनिंग पूर्ण होने के उपरांत इन्हें निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत पुनः वेयरहाउस में सुरक्षित रखा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डी.सी. सती, विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।