चमोली
मुख्यमंत्री घोषणाओं के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, जनता मिलन में सुनीं शिकायतें
मुख्यमंत्री घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा को लेकर सोमवार को जिला सभागार में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति एवं लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रस्तुत विभागवार रिपोर्ट के अनुसार जनपद में मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित लंबित प्रकरण वाले विभागों को विशेष प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने तथा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा किए जाने के निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने आमजन की शिकायतें एवं समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ सहित अन्य अधिकारी व नागरिक उपस्थित रहे।