मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले—देवभूमि की संस्कृति से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं ।
उत्तरकाशी
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर उत्तरकाशी में सुप्रसिद्ध पौराणिक माघ मेला (बाड़ाहाट कू थौलू) का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। उद्घाटन बाड़ाहाट पट्टी के आराध्य कंडार देवता एवं हरि महाराज की डोलियों के सानिध्य में रामलीला मैदान में संपन्न हुआ। यह मेला एक सप्ताह तक चलेगा और जनपद की विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का संवाहक है।
भागीरथी नदी में पर्व स्नान के उपरांत अनेक ग्रामीण लोकदेवताओं की डोलियों के साथ श्रद्धालुओं ने बाड़ाहाट क्षेत्र स्थित चमाला की चौंरी में डोली नृत्य, रासो-तांदी नृत्य प्रस्तुत कर लोक आस्था और संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरी।
अपराह्न में मुख्यमंत्री द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर घंडियाल देवता, खंडद्वारी देवी, राज-राजेश्वरी देवी, त्रिपुर सुंदरी, नाग देवता एवं दक्षिण काली सहित अनेक देवडोलियों की उपस्थिति रही। त्रृषिराम शिक्षण संस्थान की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने मकर संक्रांति और माघ मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेला लोक आस्था का महाकुंभ है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियाँ अब फाइलों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँच रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित है और विकास व पर्यटन से आजीविका के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने शक्ति मंदिर एवं बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा संतों के आशीर्वचनों पर आधारित शिलापट्टों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि संतों का ज्ञान हमारी सांस्कृतिक धरोहर है और युवा पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ता है।
इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेशवर लाल,प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्वराज विद्वान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान,जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिला अध्यक्ष भाजपा नागेन्द्र चौहान, दर्जाधारी राज्यमंत्री राम सुंदर नौटियाल, प्रताप सिंह पंवार, जगत सिंह चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, ममता पंवार, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र राणा, जिला महामंत्री महावीर सिंह नेगी, परशुराम जगुडी, नगर पालिकाध्यक्ष भूपेन्द्र चौहान, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हरेंद्र राणा, हरीश डंगवाल, शैलेन्द्र कोहली, गिरीश भट्ट, लोकेंद्र बिष्ट, सूरत राम नौटियाल,जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय , मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधिगण व बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।