कंडार देवता व हरि महाराज की डोलियों के सानिध्य में उत्तरकाशी के ऐतिहासिक माघ मेले का भव्य शुभारंभ ।
उत्तरकाशी
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर उत्तरकाशी में सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक माघ मेला (बाड़ाहाट कू थौलू) का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कंडार देवता एवं हरि महाराज की डोलियों के सानिध्य में किया। रामलीला मैदान में दीप प्रज्ज्वलन के साथ सप्ताहभर चलने वाले इस पौराणिक मेले की शुरुआत हुई।
भागीरथी नदी में पर्व स्नान के पश्चात विभिन्न क्षेत्रों से आई देवडोलियों ने बाड़ाहाट स्थित चमाला की चौंरी में डोलीनृत्य, रासो-तांदी नृत्य प्रस्तुत कर मेले की पारंपरिक गरिमा को जीवंत किया। उद्घाटन अवसर पर अनेक लोकदेवताओं की डोलियों की उपस्थिति रही।
मुख्यमंत्री ने मकर संक्रांति एवं माघ मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माघ मेला लोक आस्था का महाकुंभ है, जो उत्तरकाशी की आध्यात्मिक व सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करता है। उन्होंने बताया कि जनपद में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाएं, 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट, पुरोला में उपजिला अस्पताल, सिलक्यारा टनल, हेलीपैड निर्माण व बाढ़ सुरक्षा जैसे अनेक विकास कार्य प्रगति पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन, रोजगार और रिवर्स पलायन को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य में सख्त भू-कानून, नकल विरोधी कानून, यूसीसी लागू कर सुशासन की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने शक्ति मंदिर एवं बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर संतों के आशीर्वचनों पर आधारित शिलापट्टों का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।