गौ भक्तों ने निकाली रैली प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
थराली।
सोमवार को गो सम्मान आवाहन अभियान के तहत क्षेत्र के गौ भक्तों ने रैली निकाली और गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने और गौ मंत्रालय बनाने के संबध में उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। उन्होंनें गौ के सम्मान में नारेबाजी कर राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग की। गौ सम्मान आवाहन समिति के अध्यक्ष प्रेम चंद्र देवराड़ी एवं नंदा बल्लभ देवराड़ी ने कहा कि भारतीय देशी गोवंश हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। जब तक गौ माता असुरक्षित है तब तक हमारी सांस्कृतिक पूर्णता अधूरी है। गौ माता को राष्ट्रीय सम्मान देकर भारत के सांस्कृतिक पुनरूत्थान के इस महायज्ञ को सफल बनाया जा सकता है। वर्तमान में भारतीय गौवंश की स्थिति अत्यंत पीड़ादायक है। तस्करी,गौ हत्या,एवं सड़कों पर उनकी दुर्दशा देखकर प्रत्येक सनातनी का ह्रदय विदीर्ण है। इसलिए गौवंश के सम्मान, सुरक्षा और सेवा की जरूरत है। इस मौके पर जिला प्रचारक भाग चंद्र आगरी, पार्षद दिवाकर नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सिंह बिष्ट, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष दीपा भारती,सुनीता बिष्ट, संजय जोशी आदि मौजूद थे।