चमोली
चण्डिका देवी जिलासू की देवरा यात्रा नौ दिवसीय महायज्ञ व शीरा वितरण के साथ हुई सम्पन्न
जनपद चमोली में पोखरी विकासखंड के अन्तर्गत जिलासू चण्डिका देवी की देवरा यात्रा नौ दिवसीय महायज्ञ, शीरा वितरण और पूर्णाहुति के साथ सम्पन्न हुई।

इस अवसर पर चण्डिका देवी के 27 बांदी गांवों के लोगों सहित विभिन्न क्षेत्रों से आये हजारों की संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं इस सम्पन्न हुऐ महायज्ञ समारोह के साक्षी बने। इस दौरान देवी जागरों व देवी मां की जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बनातोली सिवाई में रविवार को देवरा यात्रा सम्पन्न होने के बाद सोमवार को चण्डिका देवी जिलासू गांव स्थित अपने मंदिर के गर्भगृह में विधि-विधान के साथ विराजमान हो गई।
देवरा यात्रा समिति के अध्यक्ष दिलवर सिंह चौहान व सचिव ईश्वर सिंह राणा ने बताया कि 13 साल बाद हुई चण्डिका देवी जिलासू की देवरा यात्रा ने जनपद चमोली के अलावा रूद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, हरिद्वार तथा देहरादून सहित एक हजार से अधिक गांवों का भ्रमण कर देवी भक्तों को अपना दर्शन व आशीर्वाद दिया।

भ्रमण के दौरान पाश्वाओं ने विभिन्न प्रकार के नृत्य को करते हुऐ जहां अपनी पौराणिक परम्परा को जीवंत बनाए रखा वहीं चण्डिका देवी के पुजारियों व ब्रह्म गुरु हरि बल्लभ सती ने रात्रि विश्राम के दौरान गांव – गांव में देवी मां चंडिका की धार्मिक पूजा पाठ का अनुष्ठान कर चण्डिका मां से देवी भक्तों के घर – गांवों में सुख समृद्धि बनी रहने की कामना की गई। लोगों द्बारा भी अपने अपने क्षेत्रों में पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। बनातोली सिवाई मंडप में नौ दिवसीय महायज्ञ के दौरान उपस्थित दर्शकों ने मां चंण्डिका की पूजा अर्चना और दर्शन करने के साथ ही जगन पुरूष के विवाह में भी बराती बनकर खूब आनंद लिया। समापन के अवसर पर मौजूद लोगों को प्रसाद के रूप में शीरा वितरित किया गया।