प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर देहरादून प्रशासन अलर्ट
डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा
देहरादून।
प्रधानमंत्री के 14 अप्रैल को प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक कर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को गणेशपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से देहरादून के गढ़ीकैंट स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पूरे मार्ग पर लोक निर्माण विभाग पुलिस के साथ समन्वय बनाकर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करे। पुलिस विभाग को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, जबकि एमडीडीए को मार्ग और आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर निगम को साफ-सफाई, मोबाइल शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी को कार्यक्रम स्थल और मार्ग पर पर्याप्त चिकित्सा टीमों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही, मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश-निकास द्वार और यातायात प्लान की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, मुख्य विकास अधिकारी को जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम प्रवीण कुमार, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी लिमिटेड तीरथपाल सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, अपूर्वा सिंह एवं कुमकुम जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, संभागीय परिवहन अधिकारी दीपक सैनी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।