उत्तरकाशी
गंगोत्री विधायक ने लिया यात्रा तैयारियों का जायज़ा
सड़क व सुविधाएं दुरुस्त करने के सख्त निर्देश ।
आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विधायक सुरेश चौहान एवं सुपर नोडल अधिकारी/एडीएम मुक्ता मिश्रा ने बुधवार को जिला मुख्यालय से लेकर गंगोत्री धाम तक यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रा पड़ावों पर यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, सड़क मार्ग की स्थिति तथा निर्माणाधीन कार्यों का विस्तृत जायज़ा लिया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उजेली और गंगोरी क्षेत्र में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों की मरम्मत के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क किनारे पड़े निर्माण सामग्री और मलबे को तत्काल हटाने, वन विभाग बैरियर के समीप नाली निर्माण कराने तथा सड़क को गड्ढामुक्त करने के लिए बीआरओ को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
भटवाड़ी क्षेत्र में आपदा से प्रभावित सड़क मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए नदी की ओर वायर क्रेट लगाने, पहाड़ी से गिर रहे मलबे को हटाने तथा सड़क चौड़ीकरण के निर्देश दिए गए, जिससे यात्रा के दौरान जाम की समस्या उत्पन्न न हो।
लिमच्यागाड़ में सड़क निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। डबरानी क्षेत्र में भूस्खलन जोन और नदी कटाव से सड़क को हो रहे नुकसान को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षात्मक कार्य तत्काल शुरू करने को कहा गया।
इसके अलावा हर्षिल, तेलगाड़ और धराली क्षेत्रों में भी चल रहे निर्माण एवं सुधार कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विधायक ने सभी यात्रा पड़ावों पर बिजली और पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, शौचालयों की नियमित सफाई बनाए रखने तथा पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
गंगोत्री मंदिर परिसर में मंदिर समिति और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर यात्रा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में दर्शन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल, एसडीएम शालिनी नेगी, जिला पर्यटन अधिकारी केके जोशी, खंड विकास अधिकारी अमित ममगाईं, ईई सिंचाई सचिन सिंघल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।