टीएचडीसी की विष्णुगाड़-पीपलकोटी परियोजना में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ

खबर शेयर करें

टीएचडीसी की विष्णुगाड़-पीपलकोटी परियोजना में हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ

 पीपलकोटी, चमोली।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की 444 मेगावाट विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में हिंदी दिवस समारोह के साथ हिंदी पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना के महाप्रबंधक (बांध) आर.पी. मिश्रा, महाप्रबंधक (विद्युत यांत्रिकी) आर.एस. राणा सहित विभागाध्यक्षों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक (जनसंपर्क) एवं राजभाषा अधिकारी (अतिरिक्त प्रभार) अविनाश कुमार ने मुख्य अतिथि, वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों का स्वागत किया। उन्होंने हिंदी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए 14 से 30 सितंबर तक आयोजित होने वाले हिंदी पखवाड़े के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों से आयोजन में सक्रिय भागीदारी करने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि आर.पी. मिश्रा ने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिमन कुमार गर्ग का हिंदी दिवस के अवसर पर जारी संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक और भावनात्मक एकता को मजबूत करने वाली भाषा भी है। उन्होंने कार्यालयीन कार्य, टिप्पणियों, पत्राचार और अन्य आधिकारिक गतिविधियों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया।
महाप्रबंधक आर.एस. राणा ने हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राजभाषा हिंदी के निरंतर प्रयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने हिंदी की प्रसिद्ध कविता ‘जो भरा नहीं है भावों से…’ की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए हिंदी के प्रति भावनात्मक जुड़ाव और संवेदनशीलता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके व्यावहारिक प्रयोग से होती है और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का निरंतर उपयोग इसके विकास को गति देगा।
हिंदी पखवाड़े के तहत कर्मचारियों की रचनात्मकता और हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 सितंबर को हिंदी अनुवाद प्रतियोगिता, 16 सितंबर को नोटिंग-ड्राफ्टिंग प्रतियोगिता, 18 सितंबर को राजभाषा हिंदी प्रश्नोत्तरी, 22 सितंबर को शुद्ध लेख एवं शुद्ध वाक्यांश प्रतियोगिता तथा 23 सितंबर को हिंदी निबंध प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा 24 सितंबर को हिंदी कार्यशाला और 25 सितंबर को हिंदी कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।
हिंदी पखवाड़े का समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण 30 सितंबर 2026 को किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा हिंदी संबंधी कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक बी.एस. पुंडीर, अपर महाप्रबंधक अजय कुमार, उप महाप्रबंधक शरद चंद्र भट्ट, उप महाप्रबंधक कमल नीटवाल समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *