चमोली
एयर एंबुलेंस के इंतजार में तड़पती रही घायल महिला, प्रशासनिक समन्वय की कमी से अटकी राहत
गंभीर सिर की चोट के बाद हायर सेंटर रेफर की गई रीना देवी को समय पर नहीं मिला हेलीकॉप्टर, एक घंटे तक एंबुलेंस में इंतजार.

चमोली जिले में प्रशासनिक समन्वय की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई। बुधवार को जैसाल गांव की गंभीर रूप से घायल रीना देवी को समय पर एयर एंबुलेंस सुविधा नहीं मिल सकी, जिसके चलते उन्हें एक घंटे तक एंबुलेंस में जिंदगी और मौत से जूझते हुए इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, रीना देवी के सिर में गहरी चोट लगने के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया। डॉक्टरों की सलाह पर परिजन उन्हें एयर एंबुलेंस के माध्यम से बेहतर उपचार के लिए भेजने की उम्मीद में गोपेश्वर पुलिस मैदान ले गए।
हालांकि, आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय की कमी के कारण हेलीकॉप्टर समय पर नहीं पहुंच पाया। इस दौरान गंभीर रूप से घायल महिला एंबुलेंस में ही पड़ी रही और परिजन असहाय होकर मदद का इंतजार करते रहे।
मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कराने का प्रयास किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद राहत समय पर नहीं मिल सकी।
घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, एयर एंबुलेंस व्यवस्था और विभागों के बीच समन्वय को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आपात स्थितियों में भी त्वरित निर्णय और बेहतर तालमेल नहीं हो पाएगा तो दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों की जान जोखिम में पड़ती है।