बारिश के बीच गूंजी देशभक्ति की गर्जना, आईटीबीपी को मिले 133 नए अधिकारी

खबर शेयर करें

बारिश के बीच गूंजी देशभक्ति की गर्जना, आईटीबीपी को मिले 133 नए अधिकारी

मसूरी आईटीबीपी अकादमी में भव्य पासिंग आउट परेड

50 सप्ताह का कठिन प्रशिक्षण पूरा कर अधिकारियों ने ली राष्ट्र सेवा की शपथ

मसूरी।

पहाड़ों की रानी मसूरी स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस अकादमी में रविवार को आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के दौरान 133 युवा अधिकारी आईटीबीपी की मुख्यधारा में शामिल हो गए। बारिश के बीच आयोजित इस समारोह में देशभक्ति का जोश और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला।
50 सप्ताह के कठिन एवं चुनौतीपूर्ण प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद 132 सहायक सेनानी (असिस्टेंट कमांडेंट) और एक महिला विशेषज्ञ चिकित्सक अधिकारी ने राष्ट्र सेवा, सीमा सुरक्षा तथा कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली। परेड के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने उत्कृष्ट मार्चपास्ट और सैन्य कौशल का प्रदर्शन कर उपस्थित अधिकारियों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर अकादमी के वरिष्ठ अधिकारियों ने नव नियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि आईटीबीपी के ये युवा अधिकारी देश की सीमाओं की सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे।
समारोह में बारिश के बावजूद उत्साह चरम पर रहा और पूरा परिसर देशभक्ति के नारों तथा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। पासिंग आउट परेड के साथ ही सभी अधिकारी औपचारिक रूप से आईटीबीपी बल का हिस्सा बन गए और राष्ट्र सेवा के अपने नए दायित्वों की ओर अग्रसर हुए।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *