लापरवाही पर थाना प्रभारी भी होंगे जिम्मेदार

खबर शेयर करें

लापरवाही पर थाना प्रभारी भी होंगे जिम्मेदार
देहरादून।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने शनिवार को पुलिस कार्यालय में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, आगामी चुनाव, त्योहारों और पर्यटक सीजन को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के साथ थाना प्रभारी और पर्यवेक्षण अधिकारी की भी जवाबदेही तय की जाएगी।
एसएसपी ने आगामी चुनावों के मद्देनजर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। आपराधिक और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा। गुंडा एक्ट में निरुद्ध आरोपियों के जिलाबदर की कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ संगठित अपराध में शामिल अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर जब्तीकरण की कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
उन्होंने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। थानों में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले शिकायतकर्ताओं की शिकायतों का विधि सम्मत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए अनावश्यक रूप से प्रार्थना पत्र लंबित रखने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी।
जघन्य अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई और घटनाओं से जुड़े सभी साक्ष्यों का शीघ्र संकलन कर समय से आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अपराधियों को सजा दिलाने के लिए न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने को कहा गया।
सड़क हादसों पर भी एसएसपी ने सख्ती दिखाई। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर रोकथाम के प्रभावी उपाय करने तथा नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। रैश ड्राइविंग, डेंजरस ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव और ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। पीक आवर्स और स्कूलों की टाइमिंग के दौरान थाना प्रभारियों को स्वयं क्षेत्र में मौजूद रहकर प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। चेकिंग में लापरवाही पाए जाने पर थाना प्रभारी के साथ संबंधित क्षेत्राधिकारी की जवाबदेही तय करने की चेतावनी दी गई।
वहीं, वांछित और इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष टीमें गठित कर सर्विलांस और अन्य माध्यमों से प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। लंबे समय से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। अनावश्यक रूप से विवेचना लंबित रखने वाले विवेचकों के साथ संबंधित थाना प्रभारी की जिम्मेदारी तय कर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
भूमि धोखाधड़ी और एनडीपीएस से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान एसएसपी ने आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पीआईटी एनडीपीएस के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर उनके जब्तीकरण की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *