IGNITE-2026 समर कैंप में विद्यार्थियों ने दिखाई वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता

खबर शेयर करें

IGNITE-2026 समर कैंप में विद्यार्थियों ने दिखाई वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता

चमोली।

पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज तपोवन में अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय IGNITE-2026 समर कैंप का समापन हो गया। समग्र शिक्षा उत्तराखंड और आईआईटी कानपुर के संयुक्त सहयोग से आयोजित कैंप में कक्षा छह से 12 तक के 46 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, सृजनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देना था। इस दौरान प्रश्नोत्तरी, निबंध लेखन, कविता लेखन, पोस्टर एवं चित्रकला निर्माण और मॉडल निर्माण जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान और तार्किक क्षमता को परखा गया। वहीं निबंध और कविता लेखन प्रतियोगिताओं ने उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति को नया मंच दिया। पोस्टर और चित्रकला गतिविधियों में विद्यार्थियों ने सामाजिक, पर्यावरणीय और वैज्ञानिक विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया।

मॉडल निर्माण गतिविधि कैंप का मुख्य आकर्षण रही। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर नवाचारी मॉडल तैयार कर अपनी वैज्ञानिक दृष्टि और तकनीकी समझ का परिचय दिया। समूह आधारित गतिविधियों के माध्यम से छात्रों में नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और सहयोग की भावना का भी विकास हुआ।

समापन अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार मॉडल, पोस्टर, चित्र और अन्य रचनात्मक कार्यों की प्रदर्शनी लगाई गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य और एटीएल प्रभारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रदर्शनी में प्रस्तुत रचनात्मक कार्यों को सराहना मिली।


खबर शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *